Palamu: सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव श्री वी. उमाशंकर से शिष्टाचार मुलाकात की. इस उच्चस्तरीय बैठक के दौरान सांसद ने पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत पलामू और गढ़वा जिलों के समग्र सड़क विकास, कनेक्टिविटी विस्तार और निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों को शीघ्र पूर्ण करने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की.
डीपीआर तैयार करने का आग्रह
सांसद ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नई परियोजनाओं के निर्माण की मांग करते हुए इनके डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को प्राथमिकता के आधार पर तैयार करने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.
फोरलेन सड़कों की प्रमुख मांग
सांसद द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 के सीलीदाग से पड़वा मोड़ तक लगभग 22 किलोमीटर खंड का फोरलेन निर्माण शामिल है. इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 343 के गढ़वा फोरलेन बाईपास से रामानुजगंज (झारखंड. छत्तीसगढ़ सीमा) तक 48 किलोमीटर सड़क को फोरलेन में तब्दील करने की मांग की गई. इसके अतिरिक्त गढ़वा मझिआंव मोड़ से कांडी प्रखंड के श्रीनगर. पड़ुका ब्रिज तक 40 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण पर भी जोर दिया गया.
Also Read: हजारीबाग में विकास योजनाओं पर कमीशन का शिकंजा: पंचायत से प्रखंड तक ‘कट’ का खेल बेनकाब
सोन नदी पर पुल और नई कनेक्टिविटी
परियोजनाओं की सूची में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव कर्माकला (छतरपुर बाईपास) से जपला फोरलेन बाईपास होते हुए हुसैनाबाद के देवरी कला और बिहार के देवीपुर को जोड़ने वाली सोन नदी पर पुल निर्माण का है. यह परियोजना प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना का हिस्सा है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग 119 से जुड़ेगी.
डालटनगंज के लिए नॉर्दर्न बाईपास की मांग
वहीं डालटनगंज शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नॉर्दर्न बाईपास के निर्माण की भी मांग की गई है. यह प्रस्तावित बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग 39 चियांकी जोरकट से शुरू होकर सुआ. कौडिया और बंदुआ होते हुए महुगांवा एमडीआर 120 से जुड़ेगा.
पुल और आरओबी निर्माण का प्रस्ताव
इस परियोजना के तहत कोयल नदी पर उच्चस्तरीय पुल और कौडिया में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण प्रस्तावित है. इससे डालटनगंज और गढ़वा के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी और शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
