पलामू: छतरपुर ओवरब्रिज के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में अनियंत्रित टेलर ने सीओ की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में नौडीहा के अंचल अधिकारी संजय कुमार सिंह, पिपरा के अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा तथा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
बताया जा रहा है कि दोनों अंचल अधिकारी एक ही गाड़ी से डालटेनगंज की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेलर गाड़ी ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ.
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को बाहर निकाला और छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. फिलहाल दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है.
ALSO READ: होमगार्ड के 1,478 पदों के लिए बहाली शुरू, चिप सिस्टम से होगी दौड़, जानें पूरा शेड्यूल
फरार टेलर की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद टेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है. साथ ही दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है.
