पलामू: पलामू जिले की शहर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में वहां जमा हुए हैं. पुलिस की गश्ती टीम को देखते ही दो युवक भागने लगे, जिनमें से सुमित चंद्रवंशी को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि उसका साथी राजा चंद्रवंशी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त
तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त सुमित चंद्रवंशी के पास से एक भूरे रंग की पिस्टल और 7.56 एमएम के छह जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है. जांच में पता चला है कि पकड़े गए आरोपी सुमित का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हत्या व आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में जेल जा चुका है. वहीं फरार आरोपी राजा चंद्रवंशी भी लूट और डकैती जैसे कई संगीन मामलों में शामिल रहा है.
इस पूरी कार्रवाई को पु.अ.नि. दीपक कुमार सिंह और टाइगर मोबाइल के जवानों ने अंजाम दिया. शहर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सुमित चंद्रवंशी को जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: जमुआ में ओलावृष्टि से किसानों की फसल तबाह, मुआवजे की मांग तेज
