पलामू: जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनातू थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की गई है. शुक्रवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मनातू थाना अंतर्गत ग्राम एप्टी के जंगली एवं वन क्षेत्र में छापेमारी की.

6 एकड़ में फैली अफीम और पोस्ता की फसल नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने लगभग छह एकड़ के विस्तृत भू-भाग पर अवैध रूप से उगाई गई अफीम और पोस्ता की लहलहाती फसल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया. यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है.
Also Read: साहब-मेमसाहब का रसूख और पापा जी का टशन, रांची के बोड़ेया में डेढ़ एकड़ जमीन पर घमासान
पुलिस टीम ने चलाया विनष्टीकरण अभियान
इस महत्वपूर्ण विनष्टीकरण अभियान का नेतृत्व मनातू थाना के पुलिस पदाधिकारियों ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया.
सफेदपोशों और भू-माफियाओं की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन अब उन सफेदपोशों और भू-माफियाओं की पहचान करने में जुटा है, जो इस अवैध खेती के पीछे सक्रिय बताए जा रहे हैं. आरोपियों का नाम और पता सत्यापन करने के बाद उनके विरुद्ध वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान
पलामू पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार और खेती को जड़ से समाप्त करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.

