रांची: झारखंड में दीदियों की मेहनत अब बाजार को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. गांव में दीदियों द्वारा तैयार पलाश ब्रांड के उत्पाद ने लंबी छलांग लगाई है. शुद्धता और पौष्टिकता से भरपूर ये उत्पाद अब केवल पलाश मार्ट तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शहर के बड़े मॉल और सुपरमार्केट में भी आसानी से उपलब्ध होंगे.
राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के मार्गदर्शन में जेएसएलपीएस ने रांची में पायलट परियोजना के तहत इसका शुभारंभ किया है. रांची के सेल सिटी इलाके में पलाश ब्रांड के उत्पाद ने बाजार में धमाकेदार एंट्री ली है. पहले चरण में पलाश ब्रांड के 15 उत्पाद मॉल और सुपरमार्केट में अपनी जगह बना चुके हैं. बहुत कम समय में ये उत्पाद ग्राहकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं.
पलाश ब्रांड के 15 उत्पाद अब शहर के मॉल और सुपरमार्केट में उपलब्ध
जेएसएलपीएस की पहल पर पहले चरण में 15 उत्पाद मॉल और सुपरमार्केट में बिक्री के लिए शामिल किए गए हैं. इनमें शामिल हैं: रागी आटा,मल्टीग्रेन आटा, प्लेन आटा,रागी कुकीज़, मक्का निमकी, रागी लड्डू, बाजरा आटा,जामुन बीज पाउडर, फॉरेस्ट हनी, तिल लड्डू, सन्धना अचार,कटहल अचार, ओल अचार, लहसुन अचार, हरी मिर्च अचार. समय के साथ उत्पादों की संख्या बढ़ाई जाएगी.
उत्पाद को मॉल तक पहुंचाने के लिए मजबूत सप्लाई चेन सिस्टम
गांव के उत्पाद को शहर तक पहुंचाने के लिए जेएसएलपीएस ने मजबूत सप्लाई चेन तैयार किया है. पहले गांव में दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पाद पलाश मार्ट तक पहुंचाए जाते हैं, फिर वहां से शहर के मॉल और सुपरमार्केट तक सप्लाई की जाती है. इस पूरी प्रक्रिया में रिटेल आउटलेट्स और उत्पादकों के बीच औपचारिक समझौते (एमओयू) किए गए हैं, जिससे उत्पाद की आपूर्ति और भुगतान सुनिश्चित हो सके.
देश के स्थापित सुपरमार्केट के साथ जुड़ने की योजना
पलाश ब्रांड के उत्पादों को झारखंड के बड़े मॉल और सुपरमार्केट तक पहुंचाने के लिए जेएसएलपीएस ने व्यापक कार्य योजना तैयार की है. सप्लाई चेन की मजबूती और स्टॉक की बेहतर व्यवस्था के बाद पलाश ब्रांड के उत्पाद अब ग्राहकों के लिए पहले से अधिक आसानी से उपलब्ध होंगे.
झारखंडी स्वाद का मतलब पलाश के उत्पाद: दीपिका पांडेय सिंह
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि गांव से बाजार तक का सफर आसान नहीं था, लेकिन जब महिला कुछ करने का ठान लेती है तो कुछ भी नामुमकिन नहीं रहता. जेएसएलपीएस से जुड़ी लाखों दीदियों का सपना अब उड़ान भरने को तैयार है. यह सपना उनके रोजगार और स्वतंत्र पहचान से जुड़ा है.
अब छोटे-छोटे समूह में चावल, दाल, पापड़ और अचार जैसी चीज़ों से रोजगार करने वाली झारखंड की दीदियों के सामने खुला बाजार है. झारखंड के स्वाद को जेएसएलपीएस ने पलाश ब्रांड के रूप में पहचान दिलाने में सफलता पाई है.
आज लोग स्वस्थ रहने के लिए शुद्धता और पौष्टिकता से समझौता नहीं करते. पलाश ब्रांड के हर उत्पाद ने ग्राहकों की उम्मीद और भरोसे पर 100% खरा उतरने का वादा किया है.
