सरायकेला: छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल नेशनल गेम्स में खरसावां के प्रतिभाशाली तीरंदाज लौकन बोदरा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उन्होंने रिकर्व टीम इवेंट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की, जिससे जिले और राज्य का गौरव बढ़ा है. इस प्रतियोगिता में झारखंड सहित सात राज्यों के कुल 132 तीरंदाजों ने भाग लिया था.
खरसावां के दामादिरी मैदान से शुरू हुआ सफर
लौकन बोदरा सरायकेला-खरसावां जिले के सेलायडीह गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने साल 2022 में दामादिरी मैदान से तीरंदाजी की शुरुआत की थी, जहां उन्हें कोच शिव कुमार कुंभकार का मार्गदर्शन मिला. उनकी इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है, वहीं उनके माता-पिता नंदलाल बोदरा और जुगडी बोदरा ने भी गर्व जताया है.
टाटा आर्चरी अकादमी तक का सफर
अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के बल पर वर्ष 2025 में लौकन बोदरा का चयन टाटा आर्चरी अकादमी में कैडेट के रूप में हुआ. वर्तमान में वे वहीं प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और निखार रहे हैं. आने वाले समय में उनसे और भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.
