बंगाल में पीएम मोदी : प्रधानमंत्री का टीएमसी सरकार पर तीखा वार, कहा- ‘इस निर्दयी सरकार को सत्ता से बाहर करना होगा’

PM Modi in Bengal: पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार पर...

PM Modi in Bengal: पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला किया. उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामान्य नहीं, बल्कि बंगाल के गौरव को फिर से स्थापित करने का चुनाव है. पीएम ने कहा कि बंगाल की जनता इस बार के चुनाव में ममता सरकार को हटाने वाली है. पीएम मोदी ने सबका साथ, सबका विकास नारे को दोहराते हुए कहा कि सबका हिसाब लिया जाएगा.

विकसित बंगाल की मजबूत नींव रखने का चुनाव : पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनाव विकसित बंगाल की मजबूत नींव रखने का चुनाव है और इसका पहला तथा सबसे अहम कदम इस निर्दयी सरकार को सत्ता से बाहर करना होगा. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर राज्य के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया.

यह भी पढ़ें : गिरिडीह में ‘रात का बुलडोजर’: रिश्वत नहीं देने पर आदिवासी परिवार का घर तोड़ने का आरोप

“टीएमसी सरकार बंगाल को पीछे धकेल रही”

पीएम मोदी ने देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. उन्होंने कहा कि जहां देश के कई राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं टीएमसी की सरकार बंगाल को पीछे धकेल रही है. प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में मतदाताओं से बदलाव का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य को विकास के रास्ते पर लाने के लिए निर्णायक कदम उठाने की जरूरत है. साथ ही प्रधानमंत्री ने भाजपा सरकार की छह गारंटियों को बताया.

पीएम मोदी ने 6 गारंटियों का दिया भरोसा

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की जनता को 6 गारंटियां दी. उन्होंने कहा कि पहली गारंटी- भय की जगह भरोसा कायम करेंगे. दूसरी गारंटी- भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजेंगे. तीसरी गारंटी- भ्रष्टाचार और अपराध की फाइलें खुलेंगी. चौथी गारंटी- कानून सबका हिसाब करेगा. पांचवीं गारंटी- घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे और छठी गारंटी- सरकारी कर्मचारियिं को 7वां वेतन आयोग का लाभ मिलेगा.

यह भी पढ़ें : सोमा मुंडा हत्याकांड के आरोपी देवदत्त शाहदेव को हाईकोर्ट से मिली बेल

पीएम मोदी ने कई मुद्दों पर ममता सरकार को घेरा

पीएम मोदी ने कई मुद्दों को लेकर ममता सरकार को घेरा. प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में मत्स्य पालन और सी-फूड के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इसके बावजूद राज्य आज भी मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बन पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भारी मांग के बावजूद बंगाल को अपनी जरूरतों के लिए दूसरे राज्यों से मछली आयात करनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि 15 साल सत्ता में रहने के बाद भी टीएमसी सरकार आपको मछली जैसी बुनियादी चीज भी उपलब्ध नहीं करा पाई. यह उनकी गलत नीतियों का स्पष्ट उदाहरण है. पीएम मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत का कुल मछली उत्पादन और समुद्री निर्यात दोगुना हुआ है, लेकिन बंगाल में टीएमसी सरकार के कारण यह प्रगति नहीं हो पाई.

सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार : प्रधानमंत्री

युवाओं के मुद्दे पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार ने राज्य के युवाओं के साथ दोहरा विश्वासघात किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर सीमित हैं और जहां नौकरियां हैं, वहां भी बाहरी घुसपैठियों को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार है और उन्हें टीएमसी के मंत्रियों द्वारा लूटा जा रहा है. औद्योगिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय हल्दिया जैसे इलाकों में देशभर से लोग काम करने आते थे, लेकिन अब यहां के युवा रोजगार की तलाश में अंडमान, ओडिशा और अन्य राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं.

“टीएमसी की राजनीति डर और भय पर आधारित”

प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में घुसपैठियों की फैक्ट्री चल रही है, फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं और पशु तस्करी को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि टीएमसी की राजनीति डर और भय पर आधारित है. यह चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद पीएम मोदी का राज्य का दूसरा दौरा है. इससे पहले 5 अप्रैल को उन्होंने कूचबिहार से अपने अभियान की शुरुआत की थी, जहां उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार को घेरा था और ‘भय बनाम भरोसा’ का नारा दिया था.

यह भी पढ़ें : घाटे और घटती जमीन के बीच जूझ रहा एचईसी, 27 बस्तियों ने घेरा 1800 करोड़ की जमीन

केंद्र की योजनाओं को लागू नहीं होने देती टीएमसी सरकार : पीएम

पीएम ने टीएमसी सरकार पर केंद्र की योजनाओं को लेकर तीखा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि टीएमसी को पीएम शब्द से इतनी नफरत है कि वह प्रधानमंत्री से जुड़ी योजनाओं का नाम बदल देती है या उन्हें लागू ही नहीं करती. पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी गरीबों के लिए बनाई गई योजनाओं का नाम बदल दिया गया, जिससे कई वास्तविक लाभार्थियों के नाम सूची से हटा दिए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि इससे राज्य के गरीबों को नुकसान हुआ है. उन्होंने आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सिर्फ पीएम शब्द होने के कारण इस योजना को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होने दिया गया, जिससे गरीब और बुजुर्ग इलाज की सुविधा से वंचित रह गए. प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी नेताओं की राजनीतिक नाराजगी उनसे हो सकती है, लेकिन इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पीएम कोई व्यक्तिगत पहचान नहीं, बल्कि संविधान और जनता द्वारा दिया गया पद है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *