PM’s public meeting in Bengal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व बर्धमान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर टीएमसी के 15 साल के शासन में हुए कथित भ्रष्टाचार का पूरा हिसाब सामने लाने के लिए एक व्हाइट पेपर जारी किया जाएगा. प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में मंत्रियों, विधायकों और स्थानीय स्तर पर सिंडिकेट से जुड़े लोगों द्वारा व्यवस्थित तरीके से लूट की गई है. उन्होंने कहा कि बीजेपी व्हाइट पेपर लाएगी, जिसमें टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों और सिंडिकेट के भ्रष्टाचार का पूरा लेखा-जोखा होगा. हमारी सरकार हर ऐसे अपराध को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें : Breaking News: सिमडेगा कोषागार में वित्तीय भुगतान की जांच शुरू, प्रशासन अलर्ट मोड में
महिलाओं को हर महीने 3 हजार की आर्थिक सहायता : पीएम मोदी
महिला मतदाताओं को साधने के लिए पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार बनने पर राज्य की महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि बंगाल में बीजेपी को मिल रहे समर्थन से टीएमसी घबरा गई है और झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा, टीएमसी कह रही है कि बीजेपी आने पर योजनाएं बंद हो जाएंगी, लेकिन सच्चाई यह है कि बीजेपी किसी योजना को बंद नहीं करेगी, बल्कि भ्रष्टाचार और बिचौलियों को खत्म कर योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाएगी.
“केरल में एलडीएफ और यूडीएफ जीत का दावा करने की स्थिति में नहीं”
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में केरल का भी जिक्र किया और दावा किया कि वहां एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ही जीत का दावा करने की स्थिति में नहीं हैं. उन्होंने कहा कि जहां भी महिलाओं की ज्यादा भागीदारी होती है, वहां बीजेपी-एनडीए को भारी जनादेश मिलता है. इसी आधार पर उन्होंने बंगाल में भी जीत का भरोसा जताया.
यह भी पढ़ें : चैनपुर में बच्चा चोरी की आशंका पर हंगामा, संदिग्ध युवती पकड़ी गई
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा बनी थी प्रमुख विपक्षी दल
पश्चिम बंगाल में इस बार मतदान 23 और 29 अप्रैल को होना है, जबकि मतगणना 4 मई को होगी. 2021 के चुनाव में टीएमसी ने 213 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी 77 सीटों के साथ प्रमुख विपक्षी दल बनकर उभरी थी. इस बार दोनों दलों के बीच मुकाबला और भी कड़ा और हाई-स्टेक्स माना जा रहा है.
