Simdega: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंगलवार सुबह सिमडेगा पुलिस लाइन से जागरूकता को लेकर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में सिमडेगा पुलिस और शांति भवन मेडिकल सेंटर के स्वास्थ्य कर्मियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया.
DSP और डॉक्टर ने दिखाई हरी झंडी
प्रभात फेरी का शुभारंभ सिमडेगा पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से किया गया, जहां डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह एवं मेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आलोक रॉय ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया. इस दौरान दर्जनों पुलिसकर्मी और स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए तथा हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया.
शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी रैली
प्रभात फेरी शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए अलबर्ट एक्का स्टेडियम में जाकर समाप्त हुई. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों से नियमित मॉर्निंग वॉक करने, संतुलित आहार लेने और दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने की अपील की.
स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है और इसे बनाए रखने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है. इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत होते हैं.
