रांची : झारखंड के प्रमुख सांस्कृतिक पर्व सरहुल और आगामी ईद को लेकर रांची नगर निगम में शुक्रवार को एक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने की. इस दौरान दोनों त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, साथ ही विशेष स्वच्छता अभियान और जन-जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएं.

Also Read : भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में युवा कांग्रेस, 16 मार्च को दिल्ली में संसद घेराव
सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और शून्य कचरा आयोजन की तैयारी
बैठक में तय किया गया कि सरहुल और ईद के सभी आयोजन स्थलों और जुलूस मार्गों को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. प्रमुख कार्यक्रम स्थलों पर शून्य कचरा आयोजन की व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि कचरे को अलग-अलग इकट्ठा कर उसका सही तरीके से निस्तारण किया जा सके. साथ ही शहर के प्रमुख क्षेत्रों में स्वच्छ खाद्य मार्ग को बढ़ावा देने और खाद्य विक्रेताओं को स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करने का निर्णय लिया गया.
नागरिकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जाएगा जागरूक
प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि सरहुल प्रकृति और पर्यावरण के सम्मान का पर्व है, जबकि ईद भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है. ऐसे अवसर पर अगर सभी नागरिक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें तो शहर में सकारात्मक संदेश जाएगा. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और जन-जागरूकता अभियान प्रभावी तरीके से चलाए जाएं, ताकि दोनों पर्व स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जा सकें.

