रांची: रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री में आज तड़के करीब 2 बजे हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. इस सनसनीखेज वारदात के कुछ ही घंटों बाद कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए व्यापारियों और जिला प्रशासन को खुली चेतावनी जारी की है.
“यह सिर्फ ट्रेलर था” गैंग की धमकी
जारी किए गए बयान में राहुल दुबे ने स्पष्ट किया है कि फैक्ट्री में की गई गोलीबारी केवल एक ट्रेलर थी. यह घटना फैक्ट्री मैनेजर का कान का पर्दा खोलने के लिए थी. जितना जल्दी हो सिस्टम में आ जाओ, वरना अगली बार किसी कर्मचारी की खोपड़ी खोल देंगे. दहशत का पर्याय बनते जा रहे इस राहुल दुबे गैंग ने रामगढ़ के कोयला, स्क्रैप और जमीन कारोबारियों को सीधी चेतावनी दी है.
Read Also: प्रेमी को प्रेमिका से मिलना पड़ा भारी, भीड़ ने पीटा, पुलिस ने बचाया
अवैध कारोबारियों पर बताया निशाना
विज्ञप्ति में कहा गया है कि जो भी कारोबारी गैंग को मैनेज किए बिना काम करेगा या उनके कॉल को नजरअंदाज करेगा उसे गंभीर अंजाम भुगतने होंगे. अगली बार गोली घर या ऑफिस के गेट पर नहीं बल्कि सीधे टारगेट की छाती पर मारी जाएगी. राहुल दुबे गैंग ने दावा किया है कि उनका निशाना केवल वे लोग हैं जो कोयला और चारकोल की मिलावटखोरी या अवैध कोयला का काम करते हैं.
Read Also: पुलिस वेतन घोटाले के बाद रांची कोषागार जांच के घेरे में, तीन साल के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे
फैक्ट्री की सुरक्षा बढ़ी, जांच तेज
बयान में पुलिस को फर्जी एनकाउंटर बंद करने की चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अगर प्रशासन इन चोर कारोबारियों पर नकेल कस दे तो वे रामगढ़ में कोई आपराधिक वारदात नहीं करेंगे.घटना के बाद से अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सेल की मदद ले रही है ताकि इस धमकी भरे संदेश और गोलीबारी के पीछे शामिल अपराधियों तक पहुंचा जा सके.
