साहिबगंज: मालदा रेल मंडल अंतर्गत साहिबगंज के टेलीफोन एक्सचेंज परिसर से केबल चोरी करते एक युवक को कर्मचारियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. बताया जाता है कि युवक बाइक पर केबल बांधकर ले जा रहा था, तभी मौके पर मौजूद कर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और बंधक बना लिया.
पूछताछ में कबाड़ी नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम मनीष कुमार मल्लिक बताया और चोरी की बात स्वीकार कर ली. उसने खुलासा किया कि चोरी किए गए केबल को वह अंजुमन नगर के एक कबाड़ी के पास करीब 500 रुपये प्रति किलो की दर से बेचता था. साथ ही यह भी बताया कि वह इस काम को अकेले नहीं, बल्कि अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अंजाम देता था.
पुलिस जांच में जुटी, अन्य आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. अधिकारियों के अनुसार इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. फिलहाल आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है.
