रांची: धुर्वा क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित DCA प्रीमियर लीग के सेमीफाइनल मुकाबले में रेलवे यूथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉकमेंस क्रिकेट अकादमी को 30 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. मैच में अभिग्यान सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी जीत का सबसे बड़ा आधार बनी.
219 रन का विशाल स्कोर, अभिग्यान की धमाकेदार पारी
टॉस जीतकर रॉकमेंस क्रिकेट अकादमी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम के लिए भारी पड़ गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए रेलवे यूथ ने निर्धारित 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 219 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से अभिग्यान सिंह ने शानदार 137 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने चौकों छक्कों की झड़ी लगा दी. वहीं अंश मोर्या ने भी 45 रनों का अहम योगदान दिया.
ALSO READ: “जॉम्बी ड्रग” का खौफ, देश में बढ़ी चिंता, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉकमेंस की टीम पिछड़ी
220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉकमेंस क्रिकेट अकादमी की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी. टीम की ओर से आकाश सिंह ने 52 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.
गेंदबाजी में भी रेलवे यूथ का दम
रेलवे यूथ की ओर से गेंदबाजी में सूर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके और विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया.
अभिग्यान सिंह को उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया. इस जीत के साथ रेलवे यूथ ने फाइनल में प्रवेश कर खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है.
