धनबाद: रामनवमी के पावन अवसर पर पूरा जिला भक्ति और उल्लास के संगम का साक्षी बना. जगह-जगह निकले भव्य जुलूस और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया. केसरिया ध्वजों से सजा आसमान और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भक्तों का उत्साह चरम पर नजर आया.

अखाड़ों ने दिखाया शौर्य और परंपरा
उत्सव के दौरान विभिन्न अखाड़ों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई. इसमें शामिल युवाओं और कलाकारों ने पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए. भक्ति गीतों की धुनों पर झूमते श्रद्धालु और “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारे पूरे माहौल को ऊर्जावान बना रहे थे. जुलूस में शामिल लोगों की संख्या इतनी अधिक थी कि सड़कें छोटी पड़ती नजर आईं.
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग और समाजसेवी भी शामिल हुए. रघुकुल परिवार से अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने भी विभिन्न जुलूसों में भाग लेकर लोगों के साथ पर्व का उत्साह साझा किया और जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं.
प्रशासन रहा सतर्क
सुरक्षा के लिहाज से धनबाद पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई ताकि जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके. प्रशासन की निगरानी और सतर्कता के कारण सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से आयोजित हुए.
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ पर्व
बलियापुर में कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़ दें तो पूरे जिले में रामनवमी का पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया. श्रद्धालुओं ने अनुशासन का परिचय देते हुए इस पावन पर्व की गरिमा बनाए रखी.
