Ranchi: झारखंड में बच्चों की सेहत को लेकर एक बड़ी पहल के तहत सदर अस्पताल रांची में जन्मजात हृदय रोग (Congenital Heart Disease) से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है. आज और कल (10 और 11 अप्रैल) जांच शिविर चलेगा. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और अमृता हॉस्पिटल, कोच्ची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कोच्ची से आए विशेषज्ञ डॉक्टर बच्चों की गहन जांच कर रहे हैं. अब तक लगभग 170 बच्चों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 127 बच्चों की जांच और स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 47 बच्चों में सर्जरी की आवश्यकता पाई गई है. शेष बच्चों की जांच प्रक्रिया जारी है.
यह भी पढ़ें : अस्पतालों के कचरे पर डिजिटल निगरानी, बारकोडिंग और जीपीएस से होगी सख्त ट्रैकिंग

बीमार बच्चों को इलाज के लिए कोच्ची भेजा जायेगा
शिविर में चिन्हित गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बेहतर इलाज के लिए अमृता हॉस्पिटल, कोच्ची भेजा जाएगा, जहां उनकी हृदय से जुड़ी सर्जरी कराई जाएगी. इस दौरान डॉ. आर. कृष्ण कुमार (HOD, पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी), डॉ. ब्रजेश पीके (हार्ट सर्जन), डॉ. निशांत और डॉ. अमित कुमार पांडेय सहित विशेषज्ञों की टीम बच्चों की जांच और उपचार की व्यवस्था संभाल रही है. कार्यक्रम की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने प्रेस वार्ता में कहा कि इस तरह के शिविर बच्चों के जीवन को बचाने में बेहद अहम हैं. उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चों में दिल से जुड़ी कोई भी समस्या के लक्षण दिखें तो उन्हें ऐसे शिविरों में जरूर लाएं, ताकि समय रहते जांच और इलाज संभव हो सके और बच्चों को स्वस्थ जीवन मिल सके.

यह भी पढ़ें : 3 साल से एक ही जगह जमे पुलिसकर्मियों का होगा तबादला, ‘एक व्यक्ति-दो पद’ व्यवस्था पर भी रोक
