रांची : रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज पर भड़के आदित्य साहू, कहा- दोषी पुलिसकर्मियों को करें बर्खास्त

Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर...

Ranchi: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर झारखंड सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि पूजा करने आए निहत्थे भक्तों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बर कार्रवाई बेहद निंदनीय है और इसके लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए. आदित्य साहू ने कहा कि पिछले छह वर्षों से राज्य की हेमंत सोरेन सरकार में हिंदू आस्था और त्योहारों में बार-बार बाधा डाली जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कभी रामनवमी और दशहरा की शोभायात्रा का मार्ग बदला जाता है, तो कभी मूर्ति और झंडे के आकार को लेकर रोक-टोक की जाती है.

गुंडों पर पुलिस बेबस, श्रद्धालुओं पर सख्ती : आदित्य साहू

उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं पर जिस तरह से लाठियां बरसाई गईं, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. पुलिस ने महिलाओं तक को नहीं बख्शा. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पूजा करने आए श्रद्धालु कोई अपराधी या आतंकवादी थे, जिन पर इस तरह की कार्रवाई की गई. साहू ने यह भी कहा कि राज्य में अपराधियों, गुंडों और अवैध कोयला-बालू कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस इतनी सख्ती नहीं दिखाती, लेकिन आम श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशान किया जाता है.

हेमंत सरकार अपना रही दोहरा रवैया : आदित्य साहू

उन्होंने मधुपुर में मंदिर के जीर्णोद्धार के दौरान दलितों पर हुए हमले का भी जिक्र करते हुए कहा कि उस समय पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जबकि दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए थी. आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की जनता हेमंत सरकार का दोहरा रवैया देख रही है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग की, कि रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें तुरंत सेवा से बर्खास्त किया जाए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *