Ranchi: मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सुविधाओं और डॉक्टरों के अभाव में एक मां और उसके बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई. अब मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है. इस घटना ने न केवल सरकारी दावों की पोल खोल दी है, बल्कि राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी को सरकार के खिलाफ एक बड़ा हथियार भी दे दिया है.
ये भी पढ़ें : विष्णुगढ़ कांड के विरोध में लोहरदगा में BJP का धरना, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
“यह सामान्य मौत नहीं, सरकारी हत्या”
घटना के तुरंत बाद झारखंड बीजेपी ने स्वास्थ्य विभाग और हेमंत सरकार पर चौतरफा हमला बोला. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और स्थानीय नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि राज्य का स्वास्थ्य विभाग ‘कोमा’ में चला गया है. बीजेपी ने कहा- “जब राज्य में माताओं और बच्चों को अस्पताल में इलाज नहीं मिल रहा, तो स्वास्थ्य विभाग का बजट आखिर जा कहां रहा है? हेमंत सोरेन के आलीशान आवास और महंगे विज्ञापनों की चमक के पीछे झारखंड की जनता का अंधेरा छिपा है.”
स्वास्थ्य विभाग में हो रहा घोटाला : भाजपा
भाजपा ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद और अस्पतालों के रखरखाव में भारी घोटाला हो रहा है. इसकी कीमत निर्दोष जनता अपनी जान देकर चुका रही है.
विज्ञापनों में चमकता झारखंड, जमीनी हकीकत में ‘श्मशान’ : भाजपा
मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार अपनी योजनाओं का ढिंढोरा पीट रही है, दूसरी तरफ मनोहरपुर जैसे सुदूर इलाकों में अस्पताल एक ‘शोपीस’ बनकर खड़ा है.
रेफरल का जाल
बीजेपी ने निशाना साधते हुए कहा कि आज झारखंड के सरकारी अस्पताल सिर्फ ‘रेफरल सेंटर’ बनकर रह गए हैं. गंभीर मरीजों को इलाज की जगह एम्बुलेंस में तड़पने के लिए छोड़ दिया जाता है.
ये भी पढ़ें : रांची नगर निगम ने टैक्स वसूली में तोड़े सारे रिकॉर्ड, वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले ही 112 करोड़ रुपये जमा
हेमंत सोरेन जी, जवाब दें : भाजपा
भाजपा ने सीएम हेमंत सोरेन से इस मामले में जवाब मांगा है. भाजपा ने पूछा क्या विज्ञापनों पर खर्च हो रहे करोड़ों रुपये एक सुरक्षित अस्पताल बनाने के काम नहीं आ सकते थे?
स्वास्थ्य मंत्री की चुप्पी पर सवाल
भाजपा ने सवाल उठाया कि राज्य में लगातार हो रही ऐसी मौतों पर स्वास्थ्य मंत्री मौन क्यों हैं? भाजपा ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई और अस्पताल में सुधार नहीं हुआ, तो भाजपा कार्यकर्ता पूरे राज्य में चक्का जाम करेंगे.
