Ranchi : भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को भाजपा विधायक दल की अहम बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने की. मौके पर संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे. बैठक में राज्य की वर्तमान राजनीतिक, प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहन चर्चा करते हुए आगामी विधानसभा सत्र के लिए रणनीति तय की गई. बैठक में विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित कुमार यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, शशिभूषण मेहता, नागेंद्र महतो, रोशन लाल चौधरी, कुमार उज्जवल, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, शत्रुघ्न महतो और मंजू कुमारी सहित कई विधायक मौजूद रहे.

भ्रष्टाचार चरम पर, नौकरशाही हावी : नवीन जायसवाल
बैठक के बाद विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के आहूत होने के समय सभी जनप्रतिनिधि नगर निकाय चुनाव में व्यस्त थे और उसके बाद होली पर्व के कारण भी व्यस्तता रही. आज की बैठक में राज्य की बदहाल स्थिति पर विधायकों ने विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार के सवा वर्ष के कार्यकाल में झारखंड की हालत चिंताजनक हो गई है. राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और नौकरशाही पूरी तरह हावी हो चुकी है. जनप्रतिनिधियों की बात सुनने वाला कोई नहीं है और आम जनता अपनी समस्याओं को लेकर दर-दर भटकने को मजबूर है.
“युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़”
बैठक में विधायकों ने कहा कि राज्य में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराने की आशंका है. बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है. किसानों से धान खरीद में भारी देरी हो रही है. बालू की किल्लत से निर्माण कार्य ठप पड़े हैं और कोयले की खुलेआम लूट हो रही है. हालात ऐसे हो गए हैं कि बिना पैसे दिए सरकारी कार्यालयों में कोई काम नहीं हो रहा. भाजपा विधायकों ने युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर भी गंभीर चिंता जताई. JTET परीक्षा से जुड़े विवाद, बेरोजगारी और नियुक्ति प्रक्रियाओं में देरी को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया गया. साथ ही राज्य में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए गए.
जनमुद्दों को सदन में उठाएंगे भाजपा विधायक
भाजपा विधायकों ने कहा कि झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न लग गया है. हत्या, लूट और रंगदारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं और व्यापारी वर्ग भय के साये में काम करने को मजबूर है. आम लोग भी घर से बाहर निकलने में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. भाजपा विधायकों ने कहा कि मौजूदा हालात को देखकर लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि झारखंड में सरकार चल रही है या सर्कस. भाजपा ने साफ किया कि कल से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में पार्टी के सभी विधायक एकजुट होकर इन सभी मुद्दों को जोरदार तरीके से सदन में उठाएंगे और जनता की आवाज को बुलंद करेंगे.

