रांची: मुख्यमंत्री ने किया 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, जवानों का बढ़ाया उत्साह

रांची: डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में पिछले कुछ दिनों से चल रही 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का गुरुवार...

रांची: डोरंडा स्थित जैप-1 परिसर में पिछले कुछ दिनों से चल रही 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ. इस गरिमामय समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और पुलिस बल के जवानों में नई ऊर्जा का संचार किया.

अनुशासन और टीम भावना की मिसाल:

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पुलिस की नौकरी बेहद चुनौतीपूर्ण होती है. ऐसे में खेलकूद न केवल मनोरंजन का साधन हैं, बल्कि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अनिवार्य हैं. सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस जवानों के लिए हर समय चुस्त-दुरुस्त रहना उनकी ड्यूटी की पहली प्राथमिकता है. खेल उन्हें शारीरिक रूप से फिट रखने में मदद करते हैं. कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने के लिए खेल भावना और मानसिक दृढ़ता बहुत जरूरी है. मैदान पर जिस तरह खिलाड़ी एक टीम बनकर जीत हासिल करते हैं, वही भावना उन्हें अपराधियों के खिलाफ और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान भी दिखानी चाहिए.

मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया:

प्रतियोगिता के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों और इकाइयों से आए पुलिस खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया. समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और टीमों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है.जवानों ने शानदार मार्च पास्ट किया और कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं.
इस अवसर पर डीजीपी समेत पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *