रांची: जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र में करंट लगने से एक 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई. यह हादसा सोमवार को नाऊज गांव में ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर बिदूं बसाईर के सामने हुआ. मृतक की पहचान सिकंदर लोहरा के पुत्र सोनू लोहरा के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था:
जानकारी के अनुसार, सोनू लोहरा दतवन तोड़ने के लिए करंज के पेड़ पर चढ़ा था. इसी दौरान वह पेड़ से सटे 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार उसकी चपेट में आ गया तेज करंट लगते ही वह पेड़ पर ही अचेत हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के दौरान बिजली का तार टूट गया, जिससे पेड़ के नीचे आग भी लग गई.आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग को सूचना दी और आपूर्ति बंद करवाई.
बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची:
सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया.वहीं, पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग के किनारे इस तरह खुले में 11 हजार वोल्ट का तार रहना बेहद खतरनाक है और पहले भी इसकी शिकायत की गई थी.

