Ranchi : राजधानी रांची की विकास यात्रा में शुक्रवार को एक और अहम अध्याय जुड़ गया. 303 करोड़ की लागत वाली दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास शुक्रवार को किया गया. मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने इसका शिलान्यास किया, वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े. यह परियोजनाएं शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामपुर चौक (रांची–जमशेदपुर रोड जंक्शन) के समीप एक आधुनिक ओवरब्रिज तथा विकास चौक, इरबा (रांची–हजारीबाग जंक्शन) के पास भूमिगत टनल का निर्माण किया जाएगा. इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के प्रमुख जंक्शनों पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और यात्रियों को तेज एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें : चतरा: मुर्गी फार्म में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब और उपकरण बरामद
पीएम मोदी की अगुवाई में बुनियादी ढांचे का हो रहा तीव्र विकास : संजय सेठ
संजय सेठ ने कहा कि रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में इन परियोजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी. यह आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में आगे बढ़ाने वाला साबित होगा. रक्षा राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है. झारखंड में भी इसी दिशा में बड़े पैमाने पर कार्य हो रहे हैं, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिल रही है.
झारखंड में 17 हजार करोड़ की नयी सड़क परियोजना होगी शुरू : संजय सेठ
उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले समय में झारखंड में करीब 17 हजार करोड़ की लागत से 450 किलोमीटर नई सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी. इसमें वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा भी शामिल है, जो क्षेत्रीय व्यापार और कनेक्टिविटी को मजबूती देगा. इसके अलावा रांची में लगभग ₹6000 करोड़ की लागत से आउटर रिंग रोड निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है, जो शहर के विस्तार और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक राजेश कच्छप, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें : पुरुलिया में चुनावी हुंकार के बाद रांची पहुंचेंगे अमित शाह, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए होंगे रवाना
45 हजार करोड़ की परियोजनाओं से झारखंड को रफ्तार
संजय सेठ ने बताया कि झारखंड में वर्तमान में लगभग ₹45 हजार करोड़ की लागत से 1500 किलोमीटर से अधिक सड़कों और विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर काम चल रहा है. इनमें गोला–ओरमांझी सड़क परियोजना, ओरमांझी फ्लाईओवर, चिल्गु नदी पर पुल निर्माण, इटकी और चांडिल में रेल ओवरब्रिज, चरही और चुटुपालू घाटी में सड़क चौड़ीकरण, रांची–महुलिया सड़क सुदृढ़ीकरण और कोडरमा–मेघातरी परियोजना जैसी योजनाएं शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद झारखंड में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, परिवहन तेज होगा और राज्य के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी.
