रांची: राजधानी के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित मेहता रेस्टोरेंट में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब एक जीएसटी अधिकारी दीपक पाण्डेय के परिवार को शाकाहारी भोजन के बजाय मांसाहारी डिश परोस दी गई. यह घटना तब हुई जब रामगढ़-हजारीबाग एरिया के जीएसटी अधिकारी अपने बेटे का जन्मदिन मनाने पूरे परिवार के साथ रेस्टोरेंट पहुंचे थे. इस बड़ी लापरवाही के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

जन्मदिन की खुशियों में घुली कड़वाहट:
जानकारी के अनुसार, जीएसटी अधिकारी अपने बेटे के जन्मदिन के खास अवसर पर सोमवार की रात परिवार के साथ डिनर के लिए ओरमांझी स्थित मेहता रेस्टोरेंट गए थे. जश्न का माहौल था और परिवार ने खाने के लिए वेज मिक्स चाऊमीन’ सहित कई अन्य शाकाहारी व्यंजनों का ऑर्डर दिया था. दुर्भाग्यवश, वेटर ने शाकाहारी डिश की जगह मेज पर नॉनवेज मिक्स चाऊमीन परोस दी. परिवार के सदस्यों ने जब खाना शुरू किया, तब उन्हें इस गंभीर चूक का एहसास हुआ. शुद्ध शाकाहारी भोजन का पालन करने वाले परिवार के लिए यह न केवल सेवा में कमी थी, बल्कि उनकी धार्मिक और व्यक्तिगत भावनाओं को भी गहरी चोट पहुंची.

रेस्टोरेंट परिसर में जमकर हुआ हंगामा:
जैसे ही डिश के नॉनवेज होने की पुष्टि हुई, रेस्टोरेंट में माहौल तनावपूर्ण हो गया. जीएसटी अधिकारी और उनके परिजनों ने रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों की इस लापरवाही पर कड़ा विरोध जताया. देखते ही देखते बहस बढ़ गई और परिसर में हंगामा शुरू हो गया. परिवार का आरोप है कि रेस्टोरेंट प्रबंधन ने स्वच्छता और ग्राहकों की पसंद के मानकों का उल्लंघन किया है.
पुलिस तक पहुंचा मामला:
हंगामे की सूचना मिलने के बाद मामला और मांझी थाने पहुंचा. जीएसटी अधिकारी ने रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में होटल प्रबंधन की घोर लापरवाही और भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है.
