Ranchi: एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित द टिटोस रेस्टोरेंट में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के दौरान धनबाद में हुई पुलिस मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल भी हुए हैं.

रेस्टोरेंट में हुई थी मनीष गोप की हत्या
बीती 7 मार्च 2026 की रात करीब 8:25 बजे अपराधियों ने ‘द टिटोस रेस्टोरेंट’ के स्टाफ मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस संबंध में एयरपोर्ट थाना में काण्ड संख्या 12/26 दर्ज किया गया था.मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया था.
धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़
एसआईटी और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार की सुबह धनबाद के बोरागढ़ और भागाबांध ओपी के सीमावर्ती इलाके में एक खंडहरनुमा मकान में छापेमारी की. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में। विक्की डोम और कुबेर उर्फ मनीष सिंह के पैर में गोली लगी. इसके अलावा अफजल अमन उर्फ बाबर (उर्फ विराट कोहली) भागने के प्रयास में घायल हो गया. मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की गोलीबारी से धनबाद पुलिस की गश्ती गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है. घायल अपराधियों का इलाज धनबाद में चल रहा है. घटनास्थल से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और खोखा बरामद किए गए हैं.
पुलिस ने चार अपराधियों को दबोचा
पुलिस ने इस मामले में कुल चार अपराधियों को पकड़ा है, जिनमें कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह (निवासी- चैनपुर, पलामू), अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ विराट कोहली (निवासी- बैंकमोड़, धनबाद), पप्पू भुइया (निवासी- पुटकी, धनबाद) और मो. शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर (निवासी- वासेपुर, धनबाद) शामिल है.
दो बड़े गिरोहों का खतरनाक गठबंधन
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह अब एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं. इन दोनों गिरोहों ने हाथ मिला लिया है और इसी गठबंधन के तहत रांची की घटना को अंजाम दिया गया था. पुलिस को पूछताछ के दौरान इन संगठित आपराधिक गिरोहों के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर आगे की छापेमारी जारी है.

