Ranchi: राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा कदम उठाया है. रांची स्थित झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित समारोह में उन्होंने झारखंड पुलिस को 1,485 आधुनिक वाहन सौंपे. साथ ही राज्य के अलग-अलग जिलों में बनने वाले 12 नए थानों का ऑनलाइन शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया और कहा कि इससे पुलिस की ताकत और जिम्मेदारी दोनों बढ़ेंगी.

पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस कर रही राज्य सरकार : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के 25 साल के इतिहास में पहली बार पुलिस को इतनी बड़ी संख्या में आधुनिक वाहन दिए जा रहे हैं. इससे पुलिस की पेट्रोलिंग, निगरानी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता कई गुना बढ़ेगी. सरकार लगातार पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस कर रही है ताकि अपराध पर तेजी से काबू पाया जा सके.
आपराधिक घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई होगी : मुख्यमंत्री
हेमंत सोरेन कहा कि नए वाहन मिलने से पुलिस अब शहरों के साथ-साथ गांवों में भी तेजी से पहुंच सकेगी. इससे आपराधिक घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई होगी और लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा. मुख्यमंत्री ने रांची के धुर्वा इलाके में हाल ही में हुए दो नाबालिगों के अपहरण मामले का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित बरामद किया और अंतरराज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया. उन्होंने कहा कि यह पुलिस की सक्रियता और नई तकनीक के इस्तेमाल का बड़ा उदाहरण है.
25 साल में पहली बार पुलिस को मिला इतना बड़ा वाहनों का बेड़ा
बता दें कि राज्य सरकार ने झारखंड पुलिस के लिए कुल 1255 पेट्रोलिंग वाहन और 1697 दोपहिया वाहन मंजूर किए हैं. पहले चरण में 636 पेट्रोलिंग वाहन और 849 मोटरसाइकिल जिलों और थानों को दिए गए हैं. इनसे गश्त, क्विक रिस्पॉन्स और संवेदनशील इलाकों में निगरानी मजबूत होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता की भी अहम भूमिका है. अगर पुलिस और जनता मिलकर काम करेंगी तो अपराधियों पर और कड़ी कार्रवाई संभव होगी और राज्य में शांति और सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा.

