Ranchi: रांची में कल मेयर और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है. इसे लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. कल यानी गुरुवार, 19 मार्च को समाहरणालय परिसर में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी. बताया गया है कि रांची नगर निगम के महापौर और वार्ड पार्षदों के साथ-साथ बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह भी 19 मार्च को सुबह 10:30 बजे से समाहरणालय भवन में होगा. शपथ ग्रहण के बाद उपमहापौर और उपाध्यक्ष का चुनाव भी किया जाएगा. कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर, रांची) ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत समाहरणालय परिसर में सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है.

क्या-क्या रहेंगी बंदिशें?
* पांच या उससे ज्यादा लोग एक साथ जमा नहीं हो सकेंगे
* किसी भी तरह के हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक रहेगी
* लाठी-डंडा या पारंपरिक हथियार लेकर चलना भी मना रहेगा
* धरना, प्रदर्शन, जुलूस या रैली की अनुमति नहीं होगी
* बिना अनुमति लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा
हालांकि, सरकारी काम में लगे कर्मचारी और जरूरी सेवाओं को इससे छूट दी गई है.

