Ranchi : रांची शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रांची नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है. इसी के तहत वार्ड कार्यालयों में रंग-रोगन और मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है, ताकि लोगों को अपने ही इलाके में बेहतर सेवाएं मिल सकें. इन कार्यों की समीक्षा के लिए गुरुवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में एक अहम बैठक हुई. बैठक में अधिकारियों ने अलग-अलग वार्डों में चल रहे काम की स्थिति, भवन की उपलब्धता और काम की गुणवत्ता पर चर्चा की. साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी काम तय समय पर पूरे हों. अधिकारियों ने वार्ड कार्यालयों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं की भी जानकारी ली और जहां काम बाकी है, उसे जल्द पूरा करने को कहा.
यह भी पढ़ें : रांची की रफ्तार को लगेंगे पंख : केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कल देंगे 303 करोड़ की दो बड़ी सौगातें

अपर नगर आयुक्त ने कहा- सभी काम जल्द पूरे करें
नगर निगम के अनुसार, वार्ड संख्या 02, 04, 05, 06, 08, 09, 13, 14, 18, 19, 20, 21, 25, 29, 32, 37, 38, 39, 40, 42, 43, 44, 45, 46, 47, 48, 50, 52 और 53 में काम पूरी तरह खत्म हो चुका है. वहीं, वार्ड 01, 07, 33, 34 और 36 में काम अंतिम चरण में है. बाकी वार्डों में टेंडर प्रक्रिया या भवन चिन्हित करने का काम चल रहा है. अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि बाकी सभी काम जल्द पूरे किए जाएं, ताकि पार्षदों के जरिए लोगों को वार्ड स्तर पर ही सुविधाएं मिल सकें. इन वार्ड कार्यालयों के शुरू होने से लोगों को सफाई, स्ट्रीट लाइट, पानी टैंकर, सेप्टिक टैंक बुकिंग, टैक्स भुगतान और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह पर मिल सकेगी.
यह भी पढ़ें : झारखंड में लूट की पराकाष्ठा: बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री से की सर्जिकल स्ट्राइक की मांग
