रांची: आगामी सरहुल, ईद और रामनवमी पर्व को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में आज अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में निगम के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी विभागों को त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता, रोशनी, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.

53 वार्डों में विशेष सफाई अभियान
बैठक में बताया गया कि सरहुल, ईद और रामनवमी को देखते हुए शहर के सभी 53 वार्डों में स्थित लगभग 298 सरना स्थल, अखड़ा, ईदगाह, मस्जिद और मुख्य मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. शोभायात्रा मार्गों और मुख्य सड़कों पर झाड़ू लगाना, कूड़ा उठाना, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करना तथा मशीन से सफाई और पानी का छिड़काव कराया जाएगा. इसके लिए सफाई कर्मियों की टीम तीन शिफ्ट में काम करेगी.
पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था
शोभायात्रा मार्गों पर लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह पानी के टैंकर और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी. पर्व के दौरान शहर के सभी सार्वजनिक शौचालय 24 घंटे निःशुल्क खुले रहेंगे और उनकी विशेष सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read: बजट सत्रः जिस तरह विधायकों को मिलने वाली आदिवासी जमीन छोड़ दी गई, नगड़ी की जमीन भी छोड़े- बाबूलाल
खराब पथ बत्तियों को जल्द किया जाएगा दुरुस्त
बैठक में विद्युत शाखा को निर्देश दिया गया कि निगम क्षेत्र में खराब पड़ी सभी पथ बत्तियों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए. इसके अलावा शोभायात्रा वाले मार्गों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, ताकि रात के समय भी लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
अतिक्रमण हटाने और मांस-मछली बिक्री पर रोक
इनफोर्समेंट शाखा को शहर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है. सड़क पर यातायात बाधित करने वाले ठेले, गुमटी और अन्य अतिक्रमण सामग्री को हटाया जाएगा. साथ ही रामनवमी के दिन शहर में मांस और मछली की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. इस नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग के इस्तेमाल पर भी सख्त निगरानी रखने को कहा गया है.
सड़कों और नालों की मरम्मत का निर्देश
अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिया गया कि शहर की सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों और दुर्घटना संभावित स्थानों को जल्द ठीक किया जाए. खुले नालों को स्लैब से ढकने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.
पेड़ों की शाखाओं की छंटाई और बस सेवा की तैयारी
हॉर्टिकल्चर शाखा को शोभायात्रा मार्गों पर लटक रही पेड़ों की शाखाओं की छंटाई करने को कहा गया है, ताकि जुलूस के दौरान किसी तरह की बाधा न आए. इसके अलावा सरहुल और रामनवमी के अवसर पर दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विभिन्न रूटों पर निःशुल्क सिटी बस सेवा चलाने की भी तैयारी की जा रही है.
त्योहार शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने की तैयारी
नगर निगम का कहना है कि इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह है कि शहर में त्योहार स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में मनाए जा सकें और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

