रांची: अनगड़ा थाना क्षेत्र के चमघाटी के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे इलाके में मातम पसर गया है. जानकारी के अनुसार, मृतक भाइयों की पहचान अनगड़ा के नवाडीह निवासी प्रभात महतो और अनिल महतो के रूप में हुई है.

दोनों रिश्ते में चचेरे भाई थे. रविवार को वे अपनी बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव नवाडीह लौट रहे थे. इसी दौरान चमघाटी के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी और शायद उसका ब्रेक फेल हो गया था. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और ट्रक भी सड़क से नीचे जा गिरा.
हादसे के दौरान ट्रक का एक पहिया तक निकलकर काफी दूर जा गिरा. हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया.
