Ranchi: राजधानी में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और वर्षों से लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर सोमवार की देर शाम एसएसपी राकेश रंजन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. इस बैठक में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों समेत थाना प्रभारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश दिए गए.
ये भी पढ़ें : राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज देहरादून प्रवेश परीक्षा: झारखंड के छात्रों के पास अब 15 अप्रैल तक मौका
5 साल से अधिक पुराने मामलों पर फोकस
बैठक का मुख्य एजेंडा वैसे कांड थे जो पिछले पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित हैं और जिनका ट्रायल कोर्ट में चल रहा है. एसएसपी ने इन मामलों की बिंदुवार समीक्षा की और यह सुनिश्चित करने को कहा कि संबंधित अभियुक्तों को समय पर कोर्ट में पेश किया जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आ सके.
गवाहों की उपस्थिति और सम्मन तामिला
कोर्ट में गवाही की कमी के कारण लटकते मामलों पर चिंता जताते हुए एसएसपी ने निर्देश दिया कि, जिन गवाहों के विरुद्ध न्यायालय से सम्मन निर्गत हो चुका है, उनका अविलंब तामिला सुनिश्चित किया जाए. सभी थाना प्रभारी व्यक्तिगत रूप से यह मॉनिटर करें कि गवाह तय तिथि पर न्यायालय में उपस्थित हों. गवाही की प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं को दूर कर ससमय साक्ष्य दर्ज कराया जाए.
ये भी पढ़ें : पोक्सो पीड़ित बच्चों को सहारा देने के लिए नियुक्त होंगे ‘सपोर्ट पर्सन’, एक केस के मिलेंगे 5000 रुपए

समन्वय और I4C पोर्टल का प्रभावी उपयोग
तकनीकी और प्रशासनिक तालमेल के लिए समन्वय पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई. इसके साथ ही, साइबर अपराधों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े पोर्टल पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन हेतु सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया.
वारंट और कुर्की-जब्ती पर सख्ती
एसएसपी ने लंबित वारंट, कुर्की और इश्तेहार के निष्पादन में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की और इसमें तेजी लाने का आदेश दिया.विशेष रूप से डिस्ट्रेस वारंट के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को विशेष कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया.
