रांची: कक्षा 11 में नामांकन के लिए होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा (LEST-XI 2026) को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है. परीक्षा केंद्र के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा (धारा-163) लागू कर दी गई है. यह आदेश अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची कुमार रजत ने जारी किया है. यह निषेधाज्ञा 15 मार्च 2026 को सुबह 6 बजे से शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगी.

पुलिस बल और दंडाधिकारी भी रहेंगे तैनात
प्रशासन के अनुसार, रांची में इस परीक्षा का केंद्र मारवाड़ी प्लस टू हाई स्कूल, शहीद चौक बनाया गया है. परीक्षा के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए वहां पुलिस बल और दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे. प्रशासन को आशंका है कि परीक्षा के समय अभिभावकों या अन्य लोगों की भीड़ लग सकती है, जिससे व्यवस्था बिगड़ सकती है. इसलिए परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है.
इन चीजों पर रहेगी रोक
- 5 या उससे अधिक लोगों का एक जगह जमा होना
- माइक, लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग
- बंदूक, राइफल या अन्य हथियार लेकर चलना
- लाठी-डंडा, तीर-धनुष जैसे हथियार लेकर चलना
- किसी भी तरह की सभा या बैठक करना
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है, कि परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़ न लगाएं और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें: चतरा: पुलिस ने विकास कुमार हत्याकांड का 12 घंटे में किया खुलासा, प्रेम-प्रसंग में हुई थी हत्या

