Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है. इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–4 का आयोजन 12 अप्रैल को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया जाएगा. इस प्रतियोगिता का आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन और झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ रेलवे, इंडियन ऑयल, एयरफोर्स, आर्मी और नेवी के लगभग 225 खिलाड़ी भाग लेने के लिए रांची पहुंच रहे हैं. इनमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई नामचीन एथलीट शामिल हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा और प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : झारखंड पुलिस का तीसरा-नेत्र होगा और भी सशक्त: राजधानी की सुरक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित
झारखंड के 13 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का करेंगे प्रदर्शन
आयोजन का मुख्य उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों को एक उच्चस्तरीय मंच उपलब्ध कराना, उनके प्रदर्शन को निखारना और भारतीय एथलेटिक्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है. इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अनुभवी एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा, जिससे उनके खेल कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी. झारखंड के भी 13 महिला और पुरुष खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. स्थानीय खिलाड़ियों के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उन्हें अपने ही राज्य में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का मौका मिलेगा.
यह भी पढ़ें : फर्जी वेतन निकासी पर वित्त मंत्री का एक्शन, पूरे राज्य में उच्च स्तरीय जांच का आदेश, होम सेक्रेट्री व डीजीपी को लिखा पत्र
सभी तैयारियां पूरी
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रतियोगिता सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक चलेगी. इस आयोजन से न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि झारखंड के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पहचान बनाने का भी सुनहरा अवसर प्राप्त होगा.
