रांची: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी का सब जोनल कमांडर आदिल अंसारी गिरफ्तार हुआ है. एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त के आधार पर पुलिस की टीम ने कई उग्रवादी घटनाओं में लंबे समय से फरार चल रहे आदिल अंसारी उर्फ देवा जी को पुलिस ने लोहरदगा से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में आदिल अंसारी मकान की छत से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया है.

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
26 फरवरी को एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी, कि आदिल अंसारी लोहरदगा शहर में छिपा हुआ है. इस सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी और डीएसपी खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें खलारी और मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी सहित सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस टीम ने लोहरदगा के ईदगाह मोहल्ला स्थित एक किराए के मकान की घेराबंदी की. खुद को घिरा देख आदिल अंसारी ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिसमें उसे चोटें आईं.
पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. गिरफ्तार उग्रवादी के पास से पुलिस ने रंगदारी और धमकी देने में इस्तेमाल होने वाले कई मोबाइल फोन, सक्रिय सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर और संगठन के पर्चे बरामद किए हैं.
खौफ का पर्याय था आदिल
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आदिल अंसारी पहले टीएसपीसी के पूर्व कमांडर संजय उरांव उर्फ ऋषिकेश के साथ काम करता था. संजय के संगठन से बाहर होने के बाद उसे खलारी क्षेत्र का सब-जोनल कमांडर बनाया गया. वह खलारी, पिपरवार, बुढ़मू और मैक्लुस्कीगंज के क्षेत्रों में कोयला कारोबारियों, ठेकेदारों और ईंट भट्ठा मालिकों से रंगदारी वसूलता था. पैसा न देने पर वह फौजी कार्रवाई के नाम पर गोलीबारी कर दहशत फैलाता था.
इन प्रमुख घटनाओं में था शामिल
- दिसंबर 2024: केके अग्रवाल कंस्ट्रक्शन के इंजीनियर को जान से मारने की धमकी और लेवी की मांग.
- फरवरी 2025: मंगरदाहा निवासी आशिक अली का अपहरण और मारपीट.
- मई 2025: चिराग जी के नाम पर विभिन्न कांटा घरों के ऑपरेटरों से रंगदारी.
- दिसंबर 2025: जमीन कारोबारियों को व्हाट्सएप पर गोली मारने की धमकी.
- दिसंबर 2025: मैक्लुस्कीगंज में लेवी लेते समय पुलिस मुठभेड़ से फरार (दो साथी पकड़े गए थे).
- फरवरी 2025: चुरी गेट स्थित मंगू होटल के पास दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग.
यह भी पढ़ें: धनबाद में बड़ा हादसा टला: निरसा थाना परिसर में जब्त वाहनों में लगी भीषण आग

