रांची: महिला अधिवक्ता, ज्योस्त्नारानी साहू (32) ने लगातार स्टॉकिंग, हैकिंग, निजता भंग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए साइबर थाना में छह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने लिखित आवेदन में कहा है कि वर्ष 2025 से अब तक कई व्यक्तियों द्वारा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और उनके डिजिटल खातों तक अनधिकृत पहुंच बनाकर निजी डेटा का दुरुपयोग किया गया.

आरोपियों ने पीड़ित के पहचान वालों को संपर्क कर की आपत्तिजनक बातें
आवेदन के अनुसार आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन तक पहुंच बनाकर ई-मेल, फेसबुक और व्हाट्सएप खातों को हैक किया और निजी फोटो-वीडियो परिचितों और सहकर्मियों को भेजे, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा. शिकायत में यह भी कहा गया है कि उनके पारिवारिक और पेशेवर संपर्कों को फोन कर उनके बारे में आपत्तिजनक बातें कही गईं.
कार्रवाई करने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने कुछ व्यक्तियों पर आपराधिक षड्यंत्र के तहत लगातार निगरानी रखने, साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने और कानूनी कार्रवाई करने पर धमकी देने का आरोप लगाया है. उन्होंने संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकालने, आरोपियों के मोबाइल व लैपटॉप जब्त कर फॉरेंसिक जांच कराने और डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर: कॉन्ट्रैक्ट किलर गिरोह का भंडाफोड़, सात अपराधी गिरफ्तार

