रांची : कोकर स्थित गाड़ी गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात युवक का खून से सना शव झाड़ियों के पास मिला. स्थानीय लोग जब सुबह सैर और काम के लिए निकले तो उन्होंने झाड़ीनुमा इलाके में शव पड़ा देखा. मृतक का चेहरा और सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है. घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ मिला.

आपसी रंजिश या सुनियोजित हत्या की आशंका.
प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश या सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है. शव से कुछ दूरी पर एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है. पुलिस को आशंका है कि बाइक मृतक की हो सकती है या अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए इसका इस्तेमाल किया हो सकता है.
एफएसएल टीम जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे.
सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है.

