रांची: ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत में ईंधन संकट की अफवाहों ने आम जनता को चिंता में डाल दिया है. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही इन खबरों के कारण राज्य के कई हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं,हालांकि, सरकार और तेल कंपनियों ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है.


कंपनियों ने जारी किया स्पष्टीकरण:
ईंधन की कमी की अफवाहों से उपजी बेचैनी को देखते हुए देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी, इंडियन ऑयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स पर आधिकारिक बयान जारी किया. कंपनी ने कहा, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही खबरें पूरी तरह निराधार हैं.भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और हमारा आपूर्ति व वितरण नेटवर्क पूरी तरह से सुचारू है. इंडियन ऑयल के साथ-साथ हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम ने भी इसी तरह के आश्वासन जारी किए हैं। HPCL ने अपनी सलाह में कहा कि कुछ क्षेत्रों में तेल की कमी के बारे में प्रसारित हो रहे संदेश भ्रामक हैं और पूरे भारत में आपूर्ति सामान्य बनी हुई है.माना जा रहा है कि मध्य पूर्व में युद्ध जैसी स्थितियों के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भविष्य में आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने इन अफवाहों को हवा दी.इसी डर से लोग एहतियातन अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े, जिससे कई शहरों में ट्रैफिक जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

