पलामू: जिला उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आज जनगणना-2027 की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में डीसी ने कार्य प्रगति एवं आगामी योजना की तैयारी पर विस्तृत निर्देश दिए.
सीएमएमएस पोर्टल पर कार्यों की समीक्षा
उपायुक्त के द्वारा सी०एम०एम०एस० पोर्टल पर जनगणना से संबंधित किए जा रहे कार्यों की चार्जवार समीक्षा की गई. इसमें सभी चार्ज अधिकारियों (ग्रामीण/नगरीय) को मकान सूचीकरण ब्लॉक (एच०एल०बी०) मैपिंग कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
प्रशिक्षण के निर्देशों के पालन पर जोर
डीसी ने प्रशिक्षण में सिखाई गई बातों का पूरी तरह पालन करने पर बल दिया और कार्यों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी.
पहली बार डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना
उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना 2027 पहली बार डिजिटल माध्यम से की जाएगी. यह प्रक्रिया सीएमएमएस पोर्टल, स्व-गणना पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से विभिन्न चरणों में पूरी होगी.
लोगों को जागरूक करने का निर्देश
उपायुक्त ने स्व-गणना को लेकर लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने पर जोर दिया, ताकि जनगणना में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाई जा सके.
प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा
बैठक में जनगणना कोषांग के गठन, जिला नोडल पदाधिकारी के चयन, जिला प्रशासन के लॉगिन आईडी एवं पासवर्ड को सक्रिय करने सहित अन्य बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई.
फील्ड कार्य के लिए कर्मियों की एंट्री जल्द पूरी करने का निर्देश
उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना-2027 के फील्ड कार्य के लिए प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की एंट्री सी०एम०एम०एस० पोर्टल पर जल्द से जल्द पूरी करें.
ALSO READ: जंगल में मिला शव, पहचान के बाद जांच तेज, इलाके में फैली सनसनी
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह अपर जिला जनगणना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी (जनगणना), कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बिश्रामपुर/नगर पंचायत हुसैनाबाद, छतरपुर एवं हरिहरगंज सहित जिला जनगणना कोषांग के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
