रांची में चमके देशभर के धावक, इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–4 का सफल समापन

रांची: राजधानी रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–4 (2026) का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. Athletics Federation...

Athletics Series-4
इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–4 का सफल समापन

रांची: राजधानी रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–4 (2026) का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. Athletics Federation of India, नई दिल्ली और झारखंड एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित एक दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से आए 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के एथलीटों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया

प्रतियोगिता में अंडर-20 बालक-बालिका वर्ग के साथ पुरुष एवं महिला वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आयोजन को सफल बनाने में 50 से अधिक तकनीकी पदाधिकारियों ने 38 स्पर्धाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

ट्रैक स्पर्धाओं में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़ के साथ 110 मीटर एवं 400 मीटर हर्डल्स में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. वहीं फील्ड इवेंट्स में शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जेवलिन थ्रो, लंबी कूद, ऊंची कूद, त्रिकूद और पोल वॉल्ट में भी खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया.

पुरुष वर्ग में ओडिशा और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों का दबदबा

पुरुष 100 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र के अनिकेत नलावड़े ने 10.60 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि पश्चिम बंगाल के रोहन घोष दूसरे और तमिलनाडु के वरुण ऊरी मनोहर तीसरे स्थान पर रहे.  200 मीटर में ओडिशा के महेंद्र सांता ने बाजी मारी. 400 मीटर में भी ओडिशा के मलाया बारिक ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.

800 मीटर दौड़ में पश्चिम बंगाल के एम.डी. महासिन अवल पहले स्थान पर रहे, जबकि 5000 मीटर में उत्तर प्रदेश के संदीप पाल ने स्वर्ण पदक जीता. 110 मीटर बाधा दौड़ में रिलायंस के कृषिक एम ने पहला स्थान हासिल किया.

फील्ड इवेंट्स में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.19 मीटर की ऊंची छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि झारखंड के अफरोज अहमद ने रजत पदक हासिल कर राज्य का मान बढ़ाया. लंबी कूद में ओडिशा के सरुन पयासिंह, गोला फेंक में झारखंड के राज रोशन और भाला फेंक में महाराष्ट्र के उत्तम पाटिल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए.

महिला वर्ग में ओडिशा की धाक

महिला वर्ग में ओडिशा की मौसुमी रॉय उत्तम ने 100 मीटर और 200 मीटर दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया. 400 मीटर में भी ओडिशा की सुखी बास्के ने पहला स्थान हासिल किया.

800 मीटर में दीप्तिरानी साहू और 1500 मीटर में नमिता प्रधान ने स्वर्ण पदक जीतकर ओडिशा का दबदबा कायम रखा. 5000 मीटर दौड़ में हरियाणा की भारती ने पहला स्थान प्राप्त किया.

झारखंड को मिला राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती का मंच

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के उच्च स्तरीय प्रदर्शन ने दर्शकों में खासा उत्साह पैदा किया. आयोजन ने झारखंड को राष्ट्रीय एथलेटिक्स मानचित्र पर एक मजबूत पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं और प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे.

यह भी पढ़ें: मजदूर हितों पर मंथन, जनता मजदूर संघ ने किया नई कमेटी का गठन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *