NEWS DESK: ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि Samay Raina ने जोरदार वापसी कर ली है. उनकी यह री-एंट्री कई लोगों को उनके एग्जिट से भी ज्यादा धमाकेदार लग रही है. हाल ही में कॉमेडियन ने यूट्यूब पर अपना नया स्पेशल सेगमेंट “SAMAY RAINA Still Alive” पोस्ट किया. इस वीडियो में उन्होंने शो से जुड़े विवाद और उसके बाद की पूरी स्थिति पर खुलकर बात की. उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जिन्होंने विवाद के दौरान उनके खिलाफ बयान दिए थे. वीडियो अपलोड होने के सिर्फ एक दिन के भीतर ही इसे करीब 20 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं. साथ ही उन्होंने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सीजन 2 का ऐलान भी कर दिया है.
शक्तिमान पर तंज, समय रैना का तीखा बयान
इस स्पेशल वीडियो में Mukesh Khanna को लेकर समय रैना ने मजाकिया अंदाज में तीखा बयान दिया. उन्होंने कहा कि ‘शक्तिमान’ के दौर में कई बार ऐसी खबरें आती थीं कि बच्चे शो देखकर स्टंट करने की कोशिश में घायल हो गए.
विवाद की जड़ और रणवीर इलाहाबादिया का मामला
यह पूरा विवाद फरवरी 2025 में शुरू हुआ था, जब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड में Ranveer Allahbadia ने एक कंटेस्टेंट से माता-पिता को लेकर आपत्तिजनक सवाल पूछ लिया था. इसके बाद सोशल मीडिया पर भारी विवाद खड़ा हो गया.
समय रैना ने अपने नए वीडियो में खुलासा किया कि रणवीर ने वह सवाल एक बार नहीं बल्कि करीब 8 बार पूछा था. उन्होंने बताया कि एडिट के दौरान उन्होंने ज्यादातर आपत्तिजनक हिस्से हटा दिए थे, लेकिन एक हिस्सा रह गया, जो बाद में बड़े विवाद का कारण बना.
अपूर्वा मखीजा का जिक्र
वीडियो में Apoorva Makhija उर्फ ‘रिबेल किड’ का भी जिक्र किया गया. समय रैना ने बताया कि शो के दौरान एक शख्स ने महिलाओं को लेकर बेहद भद्दी टिप्पणी की थी, जिसका जवाब अपूर्वा ने उसी अंदाज में दिया.
उन्होंने कहा कि अपूर्वा को इसके बाद तीन एफआईआर और रेप की धमकियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. समय ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वह उनके जवाब से काफी प्रभावित हुए और उन्हें उन पर गर्व है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अपूर्वा की पंचलाइन इतनी शानदार थी कि उन्हें थोड़ी जलन भी हुई.
ALSO READ: उर्फी जावेद का नया अतरंगी अवतार, ‘इनफिनिटी मिरर ड्रेस’ ने बटोरी सुर्खियां
धमाकेदार वापसी से फैंस एक्साइटेड
विवाद के चलते समय रैना को अपना पूरा शो यूट्यूब से हटाना पड़ा था. हालांकि अब लगभग एक साल बाद उन्होंने नई ऊर्जा के साथ वापसी की है. उनका यह नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. साथ ही ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन की घोषणा ने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है.
