सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र अंतर्गत ऊपरबेड़ा स्थित बैंक द्वारा सील की गई फैक्ट्री में चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना से आक्रोशित पूर्व मालिक रोहित गोयल ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और विरोध स्वरूप फैक्ट्री के मुख्य गेट पर अपना ताला जड़ दिया.
कर्ज और खराब पानी के कारण बंद हुई फैक्ट्री
एस एस सेरेमिक्स एंड केमिकल प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व मालिक रोहित गोयल ने बताया कि उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों से कर्ज लेकर राइस मिल फैक्ट्री की शुरुआत की थी. लेकिन फैक्ट्री में उपलब्ध पानी अत्यधिक आयरन युक्त और विषाक्त प्रकृति का था, जिससे चावल की गुणवत्ता खराब हो रही थी और आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता था. कारोबार प्रभावित होने से कर्ज का बोझ लगातार बढ़ता गया और अंततः बैंक ऑफ बड़ौदा ने फैक्ट्री को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया. इस पूरे मामले को लेकर रांची के डीआरटी कोर्ट में मामला लंबित है.
ALSO READ: NewsWave एक्सपोजः जंगल के रक्षकों पर दागः झारखंड के वो IFS, जिनकी फाइलों में उलझा जंगल और जमीन
सील फैक्ट्री में सेंध, महंगे सामान गायब
रोहित गोयल ने आरोप लगाया कि बैंक द्वारा कर्ज वसूली के लिए फैक्ट्री का ऑक्शन पीआरबी एसोसिएट्स (महेंद्र मिश्रा, अखिलेश मिश्रा और आशीष मिश्रा) के नाम किया गया. जबकि न्यायालय में मामला लंबित होने के कारण फैक्ट्री को यथास्थिति में रहना चाहिए था.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो मुख्य गेट पर लगा सील ताला गायब था. गार्ड से पूछताछ में बताया गया कि मैनेजर के निर्देश पर सील खोला गया. अंदर निरीक्षण करने पर पाया गया कि एक ओर शटर पर सील यथावत था, जबकि दूसरी ओर का शटर काटकर भीतर रखे महंगे यंत्र, मोटर, एयर कंडीशनर सहित कई उपकरण चोरी कर लिए गए. कार्यालय का भी यही हाल पाया गया.

ALSO READ: सरकारी लापरवाही की मिसाल: लाखों का भवन झाड़ियों में तब्दील, ठप पड़ा गर्भाधान केंद्र
मिलीभगत का आरोप, कोर्ट जाने की तैयारी
पूर्व मालिक ने बैंक प्रबंधन और ऑक्शन एजेंसी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि न्यायालय का फैसला उनके पक्ष में आता है तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा. उन्होंने विरोध दर्ज करते हुए फैक्ट्री गेट पर अपना ताला जड़ दिया और स्पष्ट कहा कि निर्णय आने तक किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि अब वे इस पूरे मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और दोषियों को जेल तक पहुंचाने की कार्रवाई करेंगे.
