Seraikela-Kharsawan: उपायुक्त सह जिले के प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जनगणना के लिए फील्ड ट्रेनर्स को ट्रेनिंग दी गयी. भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण आज 10 अप्रैल 2026 को प्रखंड कार्यालय सभागार, सरायकेला में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुआ. प्रशिक्षण कार्यक्रम 8 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी-सह-चार्ज जनगणना पदाधिकारी तथा नामित फील्ड ट्रेनर्स ने सहभागिता की.
यह भी पढ़ें : फर्जी वेतन निकासी पर वित्त मंत्री का एक्शन, पूरे राज्य में उच्च स्तरीय जांच का आदेश, होम सेक्रेट्री व डीजीपी को लिखा पत्र
तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं की दी गयी जानकारी
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एम.डी. तासिकुर रहमान और अविनाश ठाकुर ने ट्रेनिंग दी. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया. प्रशिक्षण के क्रम में सभी प्रशिक्षार्थियों को नगरीय नक्शा निर्माण के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण मानिक बाजार क्षेत्र में कराया गया, ताकि उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर कार्य निष्पादन की वास्तविक समझ प्राप्त हो सके. प्रशिक्षण के बाद सभी फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने प्रखंड एवं नगर क्षेत्रों में प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे, ताकि जनगणना कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके.

यह भी पढ़ें : खाकी का मानवीय चेहरा: रांची पुलिस की सूझबूझ से लौटा घर का इकलौता चिराग
विभागीय दिशा-निर्देशों का करें पालन : अपर उपायुक्त
इस मौके पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना है. उन्होंने क्षेत्र में कार्य करते समय धैर्य, अनुशासन एवं आमजनों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखते हुए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि जनगणना कार्य के दौरान आंकड़ों की शुद्धता एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. प्रशिक्षण कार्यशाला में अपर जिला जनगणना पदाधिकारी कमलेश कुमार दास सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

