Saraikela: चांडिल अनुमंडल के नीमडीह थाना परिसर में सोहराई, रामनवमी व ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता नीमडीह अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने किया. मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार चांडिल, थाना प्रभारी नीमडीह संतन कुमार तिवारी भी मौजूद थे. बैठक में लाइसेंसी व गैर लाइसेंसी अखाड़ा के लिए जुलूस रूट को लेकर चर्चा की गई. वहीं ईद को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गयी. शराबी व हुड़दंगियों पर विशेष नजर रखी जायेगी. अंचलाधिकारी ने अखाड़ा समिति के सदस्यों व पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि रामनवमी जुलूस में अश्लील गाना, भड़काऊ गाने व किसी कौम को आहत पहुंचाने जैसा कोई भी गाना बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में तीनों त्योहार को भाईचारे के साथ मनाएं. वहीं थाना प्रभारी ने अपील करते हुए कहा कि पूजा-पर्व सामाजिक सद्भावना का प्रतीक माना जाता है. इसलिए रामनवमी पूजा में शांति व सद्भावना बनाए रखने का काम करें. सोशल मीडिया में भ्रामक खबर नहीं फैलाने की अपील की गयी. अगर सोशल मीडिया पर झूठ एवं भ्रामक खबरें आती है तो तत्काल संबंधित थाना को सूचना दें.


पूजा कमेटियों ने सहयोग का दिया भरोसा
शांति समिति की बैठक में पूजा कमिटी व मस्जिद कमेटी के सदस्यों ने भी अपने विचार व्यक्त किये. समस्याओं आदि से प्रशासन को अवगत कराने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का भरोसा दिया. बैठक में एएसआई अभय कुमार गिरी, एस पाठक, पंकज कुमार शुक्ला, केशनाथ प्रसाद, आशीष पोद्दार, बलाराम महतो, अखाड़ा समिति के सदस्य, क्षेत्र के गणमान्य लोग और जनप्रतिनिधि मौजूद थे.

