सरायकेला: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय सिंह ने आज सपरिवार लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वे अपनी धर्मपत्नी के साथ आदित्यपुर स्थित वार्ड संख्या 22 के अटल पार्क मतदान केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया. मतदान के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए अजय सिंह ने चुनाव की निष्पक्षता और मतदाताओं में दिख रहे उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर के माध्यम से हो रहा मतदान पुराने दिनों की याद दिलाता है और यह उनके लिए एक सुखद अनुभव रहा.

विकास कार्यों को गति मिलेगी
उन्होंने नगर निकाय चुनाव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि लंबे समय से चुनाव न होने के कारण विकास कार्यों के लिए आने वाला करोड़ों रुपये का फंड वापस चला जा रहा था, जिससे क्षेत्र का विकास प्रभावित हो रहा था. अब चुनाव संपन्न होने के बाद विकास कार्यों को गति मिलेगी. अजय सिंह ने वार्ड और मेयर चुनाव की तुलना संसदीय चुनावों से करते हुए कहा कि स्थानीय चुनाव विकास की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इनमें जनप्रतिनिधि का सीधा जुड़ाव जनता से होता है.
मेयर पद को लेकर उन्होंने कहा कि मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है और चुनाव त्रिकोणीय रूप ले चुका है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता पूरी तरह जागरूक है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है. यह चुनाव व्यक्तिगत संबंधों और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर लड़ा जा रहा है.

