पलामू: जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र के कतरी गांव में एक खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां पत्नी ही अपने पति की जल्लाद बन गई. 15 मार्च 2026 को 24 वर्षीय पंकज कुमार यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम जब मौके पर पहुंची, तो एक कमरे में पंकज का शव पड़ा मिला और उसकी पत्नी पिंकी कुमारी उर्फ मधु भी वहीं मौजूद थी.

हत्या का खुलासा
स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी कमरे के अंदर बंद थे और दरवाजा खुलवाने पर पंकज मृत अवस्था में मिला. मौके से उल्टी लगे कपड़े और खून के धब्बों वाली ओढ़नी बरामद होने के बाद मामला और संदिग्ध हो गया. पुलिस ने जब पिंकी कुमारी से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
जहर और गला घोंटकर हत्या
आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति को पसंद नहीं करती थी. इसी कारण उसने पहले खाने में सल्फास की गोली मिलाकर पंकज को खिला दी. जब जहर के असर से उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे उल्टी होने लगी, तभी उसने अपनी ओढ़नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस कार्रवाई
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों की शादी वर्ष 2024 में हुई थी और पिंकी अधिकतर समय अपने मायके में रहती थी. हाल ही में उनके एक वर्षीय पुत्र का जन्मदिन भी मायके में मनाया गया था, जहां पंकज के साथ मारपीट की घटना हुई थी. मृतक के पिता सत्येन्द्र यादव की शिकायत पर नावाजयपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी पिंकी कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त ओढ़नी व मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. फिलहाल मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है.

