SARAIKELA: जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं ड्रॉपआउट बच्चों की पुनर्वापसी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग, सरायकेला–खरसावाँ के संयुक्त तत्वावधान में “हातुरेन होरो (गाँव का हीरो)” अभियान का शुभारंभ उपायुक्त श्री नीतीश कुमार सिंह द्वारा किया गया.
विद्यार्थियों को बनाया जाएगा प्रेरक
इस अवसर पर अभियान के तहत दो विद्यार्थियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया. ये विद्यार्थी अपने-अपने विद्यालयों में नियमित उपस्थिति बनाए रखने और अन्य बच्चों को प्रेरित करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे.
जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान बच्चों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ-साथ विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी पहल है. उन्होंने बताया कि नियमित उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को चयनित कर सम्मानित किया जाएगा और उनके माध्यम से अन्य बच्चों को भी विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान और पुनर्वापसी पर फोकस
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास ऐसे बच्चों की पहचान करें, जो किसी कारणवश विद्यालय से ड्रॉपआउट हो गए हैं या जिनका नामांकन नहीं हो पाया है. ऐसे बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे.
