सरायकेला: जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के टीचर्स ट्रेनिंग मोड़ पर झोपड़ी-नुमा दुकान में ‘इंडियन गैस’ के नाम से अवैध गैस-कटिंग चलने की शिकायत पर सरायकेला SDO अभिनव प्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंचे. शटर खुलते ही अंदर कमर्शियल सिलेंडरों का जखीरा मिला. 47 लीटर का बड़ा सिलेंडर, पाइप, प्रेशर रेगुलेटर, कटिंग टॉर्च और अन्य उपकरण व्यवस्थित तरीके से रखे गए थे.
बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरी जाती थी. इस पूरे काम के लिए न तो कोई लाइसेंस था, न ही वैध दस्तावेज और न ही सुरक्षा के कोई इंतज़ाम. छापे की भनक मिलते ही संचालक फरार हो गया, जबकि करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची.
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
SDO अभिनव प्रकाश ने तुरंत जांच के आदेश देते हुए कहा कि यदि अवैध भंडारण और गैस-कटिंग की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. मौके से बरामद उपकरणों की जब्ती सूची तैयार कर सप्लाई चेन की भी जांच की जाएगी.
Also Read: एसीबी कार्रवाई: आय से अधिक संपत्ति मामले में फरार क्लर्क रांची से गिरफ्तार
ग्रामीणों ने उठाया बड़ा सवाल
छापे के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने एक बड़ी समस्या भी सामने रखी. उनका कहना है कि एक तरफ अवैध गैस-कटिंग में सिलेंडरों का ढेर मिलता है, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को घरेलू सिलेंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ते हैं. कई बार महीनों तक इंतजार करना पड़ता है.
कालाबाजारी से जुड़ाव की आशंका
लोगों का आरोप है कि ऐसे अवैध नेटवर्क को कालाबाज़ारी के जरिए गैस की आपूर्ति होती है, जबकि आम उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर लाइनों में खड़े रहते हैं. इससे व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
लोगों से सहयोग की अपील
SDO ने लोगों से अपील की है कि बिना लाइसेंस चल रहे गैस कारोबार की सूचना प्रशासन को दें, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सके.
