सिमडेगा: पाकरटांड प्रखंड के सिकरियाटांड इंद मैदान में मंगलवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान संरक्षक रामरेखा धाम दुर्गविजय सिंह देव ने की. उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रामरेखा धाम के क्षेत्र में इस तरह का सम्मेलन हिंदू चेतना को जगाने का काम कर रहा है और सभी लोगों को संगठन में संगठित रहने की आवश्यकता है.

संघ ने हमेशा अपने मूल्य और लक्ष्यों को कायम रखा
वहीं, मुख्य वक्ता डॉ. सुमन कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा तमाम चुनौतियों और परेशानियों के बीच रही है, लेकिन संघ ने हमेशा अपने मूल्य और लक्ष्यों को कायम रखा है. 100 वर्ष की यात्रा में पांच परिवर्तन के लक्ष्यों के साथ समाज में एक नई दिशा देने के लिए संघ प्रतिबद्ध है. आज संघ समरसता और समाज की एकजुटता का संदेश दे रहा है. इसका उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों का निराकरण करते हुए राष्ट्रप्रथम की भावना को बढ़ावा देना है. स्वतंत्रता के बाद से समाज में अपनी अहम भूमिका निभाते हुए संघ ने भारतीय नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और समर्पण का भाव जगाया है.
उन्होंने कहा कि आज क्षेत्र में धर्मांतरण, लव जिहाद, भूमि जिहाद, जनसंख्या जिहाद के अलावा अलग-अलग प्रकार के षड्यंत्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवेश कर सिमडेगा जैसे सुदूरवर्ती वनवासी क्षेत्र में यह फल-फूल रहा है, जिसे रोकने के लिए हम सभी लोगों को संगठित रहने की आवश्यकता है. सभी लोगों को अपने घर में संस्कारयुक्त शिक्षा देने तथा गौ, गीता, गंगा, गायत्री की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया. इसके अलावा उन्होंने सभी लोगों को अपने मूल धर्म में बने रहते हुए भारत माता की जय के लिए हमेशा खड़ा रहने की बात कही.
जागरूक रहकर अपनी संस्कृति, सभ्यता और विरासत को बचाए रखना है
वहीं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव ने कहा कि सनातन समाज शुरुआती दौर से ही प्रकृति की पूजा करता रहा है, जो सरना स्थल से लेकर नदी, पर्वत, पेड़-पौधे, पशु-पक्षियों में ईश्वरीय रूप मानकर पूजा करता है और आज तक करता आ रहा है. लेकिन वर्तमान समय में अन्य धर्मों द्वारा सरना और सनातन पर अलग-अलग प्रकार के षड्यंत्र रचकर उन पर नए नियम थोपने और रूढ़िवादी परंपरा और संस्कारों को नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है. इससे हमें जागरूक रहकर संगठित रहते हुए अपनी संस्कृति, सभ्यता और विरासत को बचाए रखना होगा.
कार्यक्रम को हिंदू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम शर्मा ने भी संबोधित करते हुए सभी लोगों को संगठित रहने की बात कही. इसके अलावा किरण चौधरी, श्याम सुंदर मिश्रा, देवी सिंह सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम में मंच संचालन संदीप नाग द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष राधेश्याम प्रसाद ने किया. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों की संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे. वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक डॉ. सुमन कुमार, प्रधान संरक्षक रामरेखा धाम दुर्गविजय सिंह देव, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष किरण चौधरी, श्याम सुंदर मिश्रा, हिंदू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम शर्मा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के देवी सिंह, संत उमाकांत सहित कई लोग उपस्थित रहे.
