सिमडेगा: पाकरटांड प्रखंड के कुरुसकेला पंचायत अंतर्गत भेलवाडीह गांव में बीती रात आए तेज आंधी-तूफान से एक बड़ा हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार गंगा प्रसाद नामक व्यक्ति के घर के बाहर खड़ा विशालकाय आम का पेड़ तेज हवा के कारण अचानक टूटकर उनके मकान पर गिर पड़ा.

पेड़ गिरने से मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घर में मौजूद परिवार के लोग इसकी चपेट में आ गए. इस घटना में गंगा प्रसाद समेत परिवार के कई सदस्यों को गंभीर चोटें आई हैं.
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने से मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे परिवार के सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.
वहीं पीड़ित गंगा प्रसाद ने भी प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है, ताकि क्षतिग्रस्त मकान की मरम्मत और परिवार के रहने की व्यवस्था जल्द से जल्द हो सके.

