पलामू: हुसैनाबाद नगर पंचायत सभागार में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोहपूर्वक किया गया. इस अवसर पर प्रशिक्षित महिलाओं के बीच प्रमाण पत्रों का वितरण किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत महिलाओं को अचार पापड़ निर्माण, सिलाई कटाई, सौंदर्य एवं पार्लर प्रबंधन सहित अन्य स्वरोजगार से जुड़े कौशल सिखाए गए. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था.
स्वरोजगार से जुड़ने का दिया गया संदेश
नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती ने कहा कि एक शिक्षित और हुनरमंद महिला न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज की आर्थिक दिशा बदल सकती है. उन्होंने महिलाओं को अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया. वहीं उपाध्यक्ष सुनील चौधरी ने महिलाओं से स्थानीय बाजार में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया.
ALSO READ: लॉ कॉलेज में एडमिशन पर रोक जारी, HC ने बनाई कमेटी
बैंकिंग सुविधा और रोजगार से जोड़ने की पहल
कार्यपालक पदाधिकारी शशिशेखर सुमन ने बताया कि महिलाओं को बैंक से जोड़कर आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने छोटे व्यवसाय शुरू कर सकेंगी. इस मौके पर नगर प्रबंधक राकेश सिंह समेत कई गणमान्य लोग और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद थीं.
