रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों को छोड़कर शेष क्षेत्रों में गर्जन, वज्रपात और आंधी आने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

Also Read: LPG Price Today: क्या आज बदले कुकिंग गैस के दाम? जानें अपने शहर का नया रेट
16 मार्च को कई जिलों में ओलावृष्टि की आशंका
16 मार्च को देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुर, साहिबगंज, कोडरमा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और रांची जिलों में ओलावृष्टि के साथ गर्जन-वज्रपात और आंधी चलने की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की अधिकतम गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके अलावा खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में भी गर्जन-वज्रपात और आंधी चलने की संभावना है.
17 और 18 मार्च को भी बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को राज्य के लगभग सभी जिलों में गर्जन, वज्रपात और आंधी चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, गुमला और सिमडेगा जिलों में भी गर्जन-वज्रपात और आंधी चलने की आशंका जताई गई है.
18 मार्च को भी राज्य के अधिकांश जिलों में गर्जन, वज्रपात और आंधी चलने की संभावना बनी हुई है. इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

