Giridih: जिले के उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में नगर निकायों में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने नगर निगम गिरिडीह, नगर पंचायत बड़की सरैया तथा नगर पंचायत धनवार में चल रही योजनाओं की प्रगति का बारीकी से आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश
बैठक में पाइपलाइन, जलापूर्ति योजना सहित अन्य विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में चल रहे कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा.
Also Read: NPU में PHD वाइवा सफल, इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग पर शोध के लिए सोनम कुमारी को मिली अनुशंसा
समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने पर जोर
उप विकास आयुक्त ने नगर निकाय क्षेत्रों में कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर संबंधित विभागों से संपर्क बनाए रखते हुए कार्यों को गति दें, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा को जल्द दूर किया जा सके.
बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में नगर निगम गिरिडीह के उप नगर आयुक्त, बड़की सरैया एवं धनवार नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे
